गैस वितरण वाहन में गैस चोरी का खुलासा, 26 सिलेंडर जब्त; दो कर्मचारियों समेत गैस एजेंसी पर मुकदमा

 

 

देहरादून। जिलाधिकारी, देहरादून के निर्देश पर शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए पूर्ति विभाग की टीम ने ग्राम सोडा सिरौली में घरेलू गैस वितरण वाहन की जांच की। जांच के दौरान ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के वाहन में रखे घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालने का मामला सामने आया।

 

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी श्री संतोष भट्ट के नेतृत्व में की गई जांच में वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए। इनमें से 4 सिलेंडरों से लगभग 1 किलोग्राम से लेकर 6.5 किलोग्राम तक गैस निकाली गई थी, जबकि शेष 22 सिलेंडर पूर्ण रूप से भरे हुए मिले।

 

स्थानीय लोगों ने भी वितरण कर्मियों द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से गैस निकालने की पुष्टि की। इस संबंध में वीडियो साक्ष्य भी जांच टीम को उपलब्ध कराया गया। मौके से गैस स्थानांतरण में इस्तेमाल किया जा रहा रिफिलर भी बरामद किया गया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर लिया गया और विधिक कार्रवाई शुरू की गई। संबंधित कर्मचारियों श्री जयप्रकाश पुत्र श्री प्रेमशंकर एवं श्री रटनेश श्री चंद्रपाल पुत्र तथा ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर, जनपद देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

 

बरामद किए गए सभी 26 गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया है।

 

जांच दल में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी श्री संतोष भट्ट तथा पूर्ति सहायक श्री विजय शामिल रहे।

 

जिला पूर्ति अधिकारी, देहरादून श्री के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *