रुद्रप्रयाग। जनसामान्य की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के उद्देश्य से जिले की सभी तहसीलों में प्रत्येक माह के प्रथम अथवा तृतीय मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मार्च से मई माह तक आयोजित होने वाले तहसील दिवस का रोस्टर जारी कर दिया है।
जारी रोस्टर के अनुसार 10 मार्च (मंगलवार) को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील ऊखीमठ में तहसील दिवस आयोजित किया जाएगा, जबकि 17 मार्च को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में तहसील बसुकेदार में तहसील दिवस का आयोजन होगा।
इसी क्रम में 07 अप्रैल को अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में रुद्रप्रयाग में तथा 21 अप्रैल को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जखोली में तहसील दिवस आयोजित किया जाएगा।
मई माह में 05 मई को ऊखीमठ में मुख्य विकास अधिकारी तथा 19 मई को तहसील बसुकेदार में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तहसील दिवस के आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि आमजन की समस्याओं का मौके पर ही प्रभावी निस्तारण किया जा सके।
