नई टिहरी:
टिहरी लेक फेस्टिवल के अंतर्गत बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल मैच में गढ़वाल हीरोज ने 14 गढ़वाल राइफल को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
इससे पहले खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में गढ़वाल हीरोज ने आईआईएमटी मेरठ को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। वहीं पहले सेमीफाइनल में 14 गढ़वाल राइफल ने 7 गढ़वाल राइफल को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मैच के दौरान दोनों पक्षों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में गढ़वाल हीरोज ने बेहतर तालमेल और शानदार प्रदर्शन के दम पर 2-1 से जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता टीम गढ़वाल हीरोज को 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता 14 गढ़वाल राइफल को 75 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में नितिका खण्डेलवाल (जिलाधिकारी), वरुणा अग्रवाल (मुख्य विकास अधिकारी), उदय रावत (भाजपा जिलाध्यक्ष) और मोहन सिंह रावत (नगर पालिका अध्यक्ष) ने विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए।
