रुद्रप्रयाग। स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग की ओर से एमआरएफ सेंटर (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) में ‘स्वच्छता की पाठशाला, युवा फॉर स्वच्छता’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्रिस्ट ज्योति अकादमी के छात्र-छात्राओं को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण के बारे में जानकारी दी गई।
छात्रों ने जाना कचरे से लेकर पुनर्चक्रण तक का सफर
स्वच्छता ज्ञान यात्रा के तहत विद्यार्थियों को एमआरएफ सेंटर का भ्रमण कराया गया। यहां उन्हें कचरे के एकत्रीकरण, छंटाई और पुनर्चक्रण की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही, कूड़े से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि कचरे का उचित निस्तारण तभी संभव है, जब घर से ही कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाए।

‘अब दो नहीं, चार’ के संदेश से दिया स्वच्छता का मंत्र
कार्यक्रम में चार बिन व्यवस्था का लाइव प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों को गीले, सूखे, हानिकारक तथा घरेलू कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में रखने की जानकारी दी गई।
‘अब दो नहीं, चार’ के संदेश के माध्यम से छात्र-छात्राओं को स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। नगर पालिका की ओर से युवाओं को स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया गया।
युवाओं में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना उद्देश्य
नगर पालिका के ईओ हरेन्द्र चौहान ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।

सार्वजनिक स्थानों और बस-टैक्सी स्टैंड पर चला सफाई अभियान
स्वच्छता ही सेवा अभियान के पंचम दिवस पर नगर के सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड और टैक्सी स्टैंड में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई और जगह-जगह जमा कूड़ा-कचरा एकत्र कर आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया।
नगर पालिका की ओर से नगरवासियों और यात्रियों से अपील की गई कि कूड़ा निर्धारित कूड़ा वाहनों में ही डालें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं।
स्वच्छ रुद्रप्रयाग के लिए जनभागीदारी जरूरी
नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि स्वच्छ रुद्रप्रयाग के निर्माण में आम नागरिकों की सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाने की अपील की।
