टिहरी। हिमालय इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट, जौलीग्रांट भानियावाला के रूरल एंड डेवलपमेंट विभाग के छात्रों ने पीजी कॉलेज नई टिहरी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों को योग का प्रशिक्षण प्रदान किया। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं और योगासनों की जानकारी दी गई तथा उन्हें नियमित योगाभ्यास के लाभों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ और सशक्त बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन प्राप्त करने में भी अत्यंत प्रभावी है। नियमित योग से व्यक्ति अनेक शारीरिक व मानसिक बीमारियों से मुक्ति पा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन ग्रामीण विकास संस्थान की प्रबंधक नीलम पांडेय और योग संयोजक लीला उनियाल के मार्गदर्शन में किया गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशा डोभाल ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को योग की गहराइयों से परिचित कराते हुए उन्हें अपने दैनिक जीवन में इसे अपनाने के लिए प्रेरित करना था। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवन दर्शन है, जिसे अपनाकर व्यक्ति स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन जी सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के पश्चात सभी प्रतिभागियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है, और दोनों के बीच गहरा संबंध है। योग के माध्यम से जहां हम अपने शरीर और मन को स्वस्थ रखते हैं, वहीं पौधरोपण जैसे कार्य प्रकृति की रक्षा में हमारा योगदान सुनिश्चित करते हैं।
