वन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विधिक सेवा प्राधिकरण ने चलाया पौधरोपण अभियान

टिहरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष  सिरोही के निर्देश पर प्राधिकरण के सचिव आलोक राम त्रिपाठी के नेतृत्व में  पर्यावरण संरक्षण को समर्पित पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान का आयोजन हनुमान मंदिर भोनाबागी और सुरसिंगधार क्षेत्र के समीप किया गया, जहां लगभग 200 चौड़ी पत्ती और फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान में प्राधिकरण के कर्मियों के साथ-साथ अधिवक्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।

सचिव आलोक त्रिपाठी ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वन और पर्यावरण हमारे जीवन का आधार हैं, और इनके बिना मानव अस्तित्व की कल्पना अधूरी है। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में लगाए गए पौधे अधिक समय तक जीवित रहते हैं और उनका विकास बेहतर ढंग से होता है, इसलिए यह समय पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त होता है। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे संरक्षण और देखरेख देना भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।

आलोक त्रिपाठी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को न केवल पौधे लगाने चाहिए, बल्कि यह भी संकल्प लेना चाहिए कि वे इन पौधों की देखभाल करेंगे और उनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। पर्यावरण संरक्षण न केवल आने वाली पीढ़ियों के लिए वरदान साबित होगा, बल्कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु संकट से निपटने में भी सहायक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *