बाबा केदार की नगरी में सुरक्षा का सख्त पहरा, हर कदम पर पुलिस की पैनी नजर

रुद्रप्रयाग। आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में शामिल केदारनाथ धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देश के कोने-कोने के साथ विदेशों से भी भक्त बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ और यात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने धाम की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए कमर कस ली है।

पूरे यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं। मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती का जायजा लेते हुए बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) टीम ने धाम क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। आधुनिक उपकरणों के साथ टीम ने मंदिर परिसर, आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों और यात्रा मार्ग पर गहन तलाशी अभियान चलाकर हर संदिग्ध वस्तु की जांच की।

धाम में तैनात पुलिस बल लगातार यात्रियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं। वहीं बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिसकर्मी यात्रियों को दिशा-निर्देश देने और सुरक्षा नियमों का पालन कराने में जुटे हैं।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सुरक्षा जांच के दौरान सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस सामान या असामान्य गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि बाबा केदार के दरबार में आने वाले हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित और मंगलमय बनाने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *