नई टिहरी। पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी टिहरी चंदमोहन सिंह द्वारा लम्बगांव थाना का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना, आपदा उपकरणों एवं थाना परिसर का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना में उपलब्ध आर्म्स एवं एम्यूनिशन का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस कर्मियों को शस्त्रों की सुरक्षित हैंडलिंग, रख-रखाव एवं आपात परिस्थितियों में उनके प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
क्षेत्राधिकारी ने आपदा की दृष्टि से संवेदनशील थाना क्षेत्र को देखते हुए उपलब्ध राहत एवं बचाव उपकरणों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों को दैवीय आपदा, भूस्खलन एवं अन्य आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
माल मुकदमाती, मुकदमाती वाहनों एवं मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज वाहनों का निरीक्षण कर उनके उचित रख-रखाव एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों, लंबित विवेचनाओं एवं प्राप्त प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, भोजनालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला सहायता डेस्क एवं शिशु सहायता पटल की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। क्षेत्राधिकारी ने स्वच्छ एवं अनुशासित कार्य वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात थाना में तैनात समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ सम्मेलन आयोजित कर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी ली गई तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया गया। साथ ही सभी कार्मिकों को आमजन के साथ संवेदनशीलता एवं मधुर व्यवहार रखते हुए कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
निरीक्षण के दौरान व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ गोष्ठी भी आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी ने लोगों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
