देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड ने ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ऊर्जा लेखा परीक्षण (Energy Audit) एवं ISO 50001 ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस पहल से ऊर्जा प्रदर्शन में सुधार, परिचालन दक्षता में वृद्धि और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी लाने में मदद मिलेगी। साथ ही ऊर्जा लागत नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक एवं डेटा आधारित व्यवस्था विकसित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ऊर्जा संरक्षण विज़न के अनुरूप है। राज्य सरकार द्वारा “नो व्हीकल डे”, सरकारी वाहनों के सीमित उपयोग और कार्यालयों में एसी के नियंत्रित इस्तेमाल जैसे कदम ऊर्जा बचत के प्रति गंभीरता को दर्शाते हैं।

एमडी अजय कुमार सिंह ने बताया कि यदि ऊर्जा दक्षता उपायों से मात्र 0.1 प्रतिशत ऊर्जा बचत भी होती है, तो UJVNL को करीब 5 मिलियन यूनिट ऊर्जा की बचत हो सकती है। इससे न केवल आर्थिक लाभ होगा, बल्कि प्रदेश और देश की ऊर्जा सुरक्षा भी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि UJVNL पहले से ISO 9001, ISO 14001, ISO 45001 और ISO 27001 जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रबंधन प्रणालियों से प्रमाणित है। अब ISO 50001 लागू होने से संस्थान में ऊर्जा जागरूकता और संसाधनों के संरक्षण की संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।
UJVNL ने प्रदेश के औद्योगिक, वाणिज्यिक और संस्थागत उपभोक्ताओं से भी ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और ऊर्जा दक्षता उपाय अपनाने की अपील की है।
