एलपीजी आपूर्ति को लेकर सख्त निर्देश, रोस्टर के तहत वितरण सुनिश्चित करने के आदेश

नई टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल की अध्यक्षता में एलपीजी वितरण एवं सिटी गैस वितरण संरचना परियोजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने गैस कंपनियों, एजेंसियों एवं पूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश दिए कि जनपद में गैस आपूर्ति शासन के आदेशों के अनुरूप रोस्टर प्रणाली के तहत आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें नहीं दिखनी चाहिए और होम डिलीवरी को प्राथमिकता दी जाए, जिससे उपभोक्ताओं को सुविधा मिल सके।

समीक्षा के दौरान एजेंसियों द्वारा बताया गया कि कंपनियों से समय पर गैस लोड नहीं मिल पा रहा है। इस पर सीडीओ ने संबंधित कंपनियों को निर्देशित किया कि गैस एजेंसियों को समय पर पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई है, उनकी सहायता वितरण स्थल पर ही सुनिश्चित की जाए।

उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। सीडीओ ने जनमानस से अपील करते हुए कहा कि जनपद में एलपीजी आपूर्ति सामान्य है, इसलिए किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने बताया कि ढालवाला क्षेत्र के कमर्शियल उपभोक्ता पीएनजी गैस बुकिंग के लिए आदर्श सिंह गैस सो नेट कार्यालय, ढालवाला (ऋषिकेश) में संपर्क कर सकते हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में जनपद की गैस एजेंसियों को 2378 घरेलू एलपीजी सिलेंडर प्राप्त हुए, जिनमें से 1967 उपभोक्ताओं को वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 3846 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि कण्डियालगांव, नौघर, कण्डिखाल, भदूरा, भरपुरियागांव, धारकोट, नरेन्द्रनगर और मणगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति की जा रही है। कमर्शियल एलपीजी के लिए प्रतिदिन 212 सिलेंडर आवंटित हो रहे हैं।

एलपीजी आपूर्ति की निगरानी के लिए गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल द्वारा अब तक 450 निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें 14 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए हैं। शिकायत निस्तारण के लिए स्थापित कंट्रोल रूम में 87 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनका निरंतर समाधान किया जा रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आवश्यकता अनुसार ही गैस बुकिंग करें तथा होम डिलीवरी या प्वाइंट डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर प्राप्त करें। साथ ही, जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे शीघ्र इसे पूर्ण करें।

बैठक में अवधेश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी कमलेश, संबंधित एजेंसी संचालक तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गैस कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

(रिपोर्ट: संवाददाता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *