मुख्यमंत्री धामी ने जुगमंदर हॉल के जीर्णोद्धार का किया लोकार्पण, कई विकास योजनाओं का शिलान्यास

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नगर निगम देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के तहत 2 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की लागत से जुगमंदर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण तथा नगर निगम क्षेत्र के 6 स्थानों पर पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को संजोते हुए तेज़ी से विकास की ओर अग्रसर है और सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के शहरी क्षेत्रों को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता की नई संस्कृति विकसित हुई है, जबकि अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन के जरिए शहरों में जल आपूर्ति, सीवरेज और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है। कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना की गई है, जिससे कूड़ा वाहनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकी है।

शहर में 35 पार्क विकसित किए गए हैं, जिनमें केदारपुरम का योगा थीम पार्क विशेष आकर्षण है। वीर बलिदानियों की स्मृति में 50 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में हरित क्षेत्र विकसित किया गया है। जल संरक्षण के लिए रिचार्ज पिट बनाए जा रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। साथ ही, 11 स्थानों पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं।

नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून ने देशभर में 19वां स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ होगा, जिससे आवागमन और सुगम होगा।

उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड निर्माण की योजना तैयार की जा रही है।

नगर निगम के कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में राजस्व संग्रहण 52 करोड़ रुपये से बढ़कर 73 करोड़ रुपये हो गया है, जो 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या भी 200 से बढ़कर लगभग 300 हो गई है।

मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और नगर निगम को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। उन्होंने जनता से देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने के लिए सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *