रुद्रप्रयाग। जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (NDD) के तहत बुधवार को बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत जिले के 932 सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा तकनीकी शिक्षण संस्थानों में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई। अभियान के दौरान दवा खाने से वंचित रह गए बच्चों को अब 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉप-अप डे पर दवा खिलाई जाएगी।

सीएमओ डॉ. पारुल गोयल ने किया अभियान का शुभारंभ
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने तिलणी स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में एक बच्चे को एल्बेंडाजोल की खुराक खिलाकर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के लिए उनका स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कृमि संक्रमण से मुक्ति मिलने पर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर और शारीरिक विकास में सुधार होता है। साथ ही उनकी सीखने, समझने और पढ़ाई में एकाग्रता की क्षमता भी बेहतर होती है।
शत-प्रतिशत बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षकों और अभिभावकों की सहभागिता भी बेहद महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों के समन्वय से 1 से 19 वर्ष तक के लक्षित आयु वर्ग के शत-प्रतिशत बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान किसी कारणवश दवा खाने से छूट गए बच्चों को 25 नवंबर को आयोजित मॉप-अप डे पर अनिवार्य रूप से एल्बेंडाजोल की खुराक दिलाई जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस अभियान के लाभ से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण, बेहतर पोषण और स्वस्थ भविष्य की दिशा में सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया है।
