लंबगांव में सतत मिलाप कार्यक्रम आयोजित, वीर नारियों और शहीद परिवारों से भी किया संवाद; साहसिक कार्य के लिए श्वेता पंवार सम्मानित
लंबगांव (टिहरी गढ़वाल)। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए 21वीं गढ़वाल राइफल की सतत मिलाप टीम बुधवार को लंबगांव पहुंची। महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में टीम ने पूर्व सैनिक संगठन प्रतापनगर से जुड़े पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने प्रतापनगर क्षेत्र में सैनिक कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।

पेंशन से लेकर छात्रवृत्ति योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में सतत मिलाप टीम के सूबेदार दिनेश सिंह, हवलदार नरेश रमोला और नायक विकास सिंह ने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को विभिन्न सैनिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें बच्चों की छात्रवृत्ति, पेंशन में बढ़ोतरी, प्रमाणपत्रों में संशोधन और जीवन प्रमाणपत्र सत्यापन जैसी सुविधाएं शामिल रहीं। टीम ने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान सेना की प्राथमिकताओं में शामिल है।
घर पहुंचकर भी सुनी पूर्व सैनिकों की समस्याएं
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सैनिकों के जीवन प्रमाणपत्रों का मौके पर सत्यापन किया गया। वहीं, जो पूर्व सैनिक किसी कारणवश कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके, टीम ने उनके घर जाकर मुलाकात की और उनके जीवन प्रमाणपत्र प्राप्त कर समस्याएं सुनीं।
शहीद की पत्नी से मिलकर जाना हालचाल
सतत मिलाप टीम ने कारगिल शहीद वीरेंद्र सिंह चौहान की पत्नी बांसुरी देवी से भी मुलाकात की। टीम ने उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी समस्याएं सुनकर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। टीम ने कहा कि सेना शहीदों के परिवारों के साथ हमेशा खड़ी है।
बुजुर्ग की जान बचाने वाली श्वेता पंवार सम्मानित
कार्यक्रम में देहरादून में सड़क हादसे के दौरान एक बुजुर्ग की जान बचाने वाली उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित श्वेता पंवार को भी सम्मानित किया गया। महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल लंबगांव की पूर्व छात्रा श्वेता ने सड़क पर जा रहे एक बुजुर्ग को बस की चपेट में आने से बचाकर साहस और मानवता की मिसाल पेश की थी। वर्तमान में वह देहरादून में कार्यरत हैं।
लंबगांव में सैनिक कैंटीन खोलने की उठाई मांग
पूर्व सैनिक संगठन प्रतापनगर के अध्यक्ष युद्धवीर राणा ने सतत मिलाप टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को अपनी समस्याएं सीधे सेना के प्रतिनिधियों के सामने रखने का अवसर मिलता है।
उन्होंने संगठन की ओर से कमांडेंट, गढ़वाल राइफल को ज्ञापन भेजकर लंबगांव में सैनिक कैंटीन खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रतापनगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार रहते हैं, लेकिन यहां अभी तक सैनिक कैंटीन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। लंबगांव में कैंटीन खुलने से क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
