रुद्रप्रयाग। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए संचालित ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत बुधवार को विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत किमाणा में जनसमस्याएं सुनी गईं। जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, खेल मैदान और सोलर लाइट सहित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समस्याएं प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों से परेशान ग्रामीण, दूषित पानी की भी शिकायत
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पेयजल संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की समय पर मरम्मत नहीं होने से गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत सारी करोखी, पैंज और किमाणा पेयजल योजनाओं के शेष कनेक्शन शीघ्र पूर्ण कराने तथा मुख्य स्रोत पर पेयजल चैंबर निर्माण की मांग की। इसके अलावा देवरियाताल-किलपुड़ा पेयजल योजना से दूषित पानी की आपूर्ति होने की शिकायत दर्ज कराते हुए समस्या के समाधान की मांग उठाई।

विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने और खेल मैदान बनाने की मांग
ग्राम पैंज के ग्रामीणों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय और राजकीय जूनियर हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की। साथ ही विद्यालय भवनों एवं कक्षों के क्षतिग्रस्त फर्श की मरम्मत कराने का मुद्दा भी उठाया।
युवाओं के लिए ग्राम पैंज में खेल मैदान निर्माण और गांव में सोलर लाइट लगाने की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखी गई।
किमाणा-कन्थया सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठा
ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज-4 के तहत प्रस्तावित किमाणा-कन्थया सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की मांग की।
इसके अलावा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए कृषि भूमि में घेरबाड़, चेकडैम निर्माण, क्षतिग्रस्त नालियों एवं पुस्तों की मरम्मत तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

समस्याओं के निस्तारण की जानकारी ग्रामीणों को भी दी जाएगी
जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने कहा कि ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करना और स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं का समाधान करना है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। विभागीय समन्वय के माध्यम से समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी ग्रामीणों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वर्गीय डॉ. कैलाश पुष्पवाण को दी श्रद्धांजलि, नशामुक्ति की ली शपथ
कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्र के समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि स्वर्गीय डॉ. कैलाश पुष्पवाण को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नशामुक्ति की शपथ ली।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान किमाणा सुलेखा त्रिवेदी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुलेखा देवी, पूर्व प्रधान संदीप सिंह पुष्पवाण, वन सरपंच देवी शंकर, युवा मंगल दल अध्यक्ष रविंद्र सिंह और महिला मंगल दल अध्यक्ष भुवनेश्वरी देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
