देहरादून। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत विकासखंड चकराता की दूरस्थ न्याय पंचायत दसऊ में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से 735 से अधिक ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।
कृषि, स्वास्थ्य व सामाजिक योजनाओं का लाभ
कृषि विभाग ने 80 प्रतिशत अनुदान पर किसानों को पावर वीडर, ब्रश कटर व चेक कटर मशीन वितरित की। बाल विकास विभाग ने 3 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा 10 किशोरियों को किशोरी किट दी।
18 आधार कार्ड अपडेट किए गए और 8 दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी कर पेंशन स्वीकृत की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने 231, होम्योपैथिक ने 61 और आयुर्वेदिक विभाग ने 42 लोगों की जांच कर दवाइयां वितरित कीं। पशु चिकित्सा विभाग ने 45 पशुपालकों को औषधि दी। राजस्व विभाग ने 49 प्रमाण पत्र जारी किए। समाज कल्याण विभाग ने 20 पेंशन स्वीकृत कीं।

फर्स्ट रिस्पॉन्डर सम्मानित
ग्राम क्वानू में बस दुर्घटना के दौरान 28 घायलों को बचाने वाले 14 स्थानीय लोगों को परिवहन विभाग की राहगीर योजना के तहत प्रशस्ति-पत्र, प्रतीक-चिह्न व हेलमेट देकर सम्मानित किया गया। राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक को 5-5 हजार रुपये पुरस्कार देने की संस्तुति भी की गई।
45 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर समाधान
शिविर में सड़क, पेयजल और सिंचाई से जुड़ी 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
