“गरीब कल्याण सरकार की प्राथमिकता”डॉ. धन सिंह रावत

श्रीनगर। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बीते 11 वर्षों में गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 20 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं।

अदिति स्मृति न्यास में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक गरीब को मकान उपलब्ध कराने का निर्णय ऐतिहासिक है। साथ ही शौचालय, राशन और उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 4 लाख महिलाओं को “लखपति दीदी योजना” से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्र सरकार ने नए बजट में राज्य के प्रत्येक जिले में महिला शिक्षा के लिए एक हॉस्टल बनाने का प्रावधान किया है।

डॉ. रावत ने कहा कि देश में 1100 से अधिक विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैं और नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा को कौशल विकास से जोड़ा जा रहा है, जिससे छात्र-छात्राओं को रोजगार और आर्थिक सहायता के बेहतर अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि सड़क, हवाई सेवा, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *