गौचर में शुरू हुई तीन दिवसीय शरद-शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता, विधायक अनिल नौटियाल ने किया शुभारंभ

गौचर/चमोली। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मार्च पास्ट के साथ प्रारंभिक शिक्षा की तीन दिवसीय जनपदीय शरद एवं शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता मंगलवार को गौचर मैदान में शुरू हो गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल और पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्च पास्ट किया और गत वर्ष के चैंपियन निशांत ने मशाल दौड़ लगाकर खेलों का आगाज किया।
इस प्रतियोगिता में जनपद के नौ विकास खंडों – पोखरी, ज्योतिर्मठ, दशोली, गैरसैंण, देवाल, थराली, नारायणबगड़, नंदानगर और कर्णप्रयाग के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं।
पहले दिन के परिणाम
प्रथम दिवस आयोजित बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़ में दशोली की प्रियंका ने प्रथम, कर्णप्रयाग की बबीता ने द्वितीय और पोखरी की बंशिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में गैरसैंण के ललित ने प्रथम, कर्णप्रयाग के निशांत ने द्वितीय और नारायणबगड़ के आदित्य ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों के लिए खेलों में आगे बढ़ने की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि खेलों में अनुशासन और पारदर्शिता होना बहुत जरूरी है।
कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, खेल समन्वयक बीरेंद्र बिष्ट, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिगंबर नेगी, उपेंद्र सती सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *