नई टिहरी। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष किए गए कार्यों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया तथा अधिकारियों को अवशेष लक्ष्यों की निर्धारित समयावधि में पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान वन विभाग, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों, पशुपालन विभाग, पर्यटन विभाग तथा सभी तहसीलों के अंतर्गत संचालित 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने वन विभाग को पिरुल संग्रहण के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाते हुए लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्रों के लिए प्राप्त लगभग 24 हजार आवेदनों के सापेक्ष करीब 22 हजार प्रमाण-पत्र जारी किए जा चुके हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने शेष आवेदनों का त्वरित निस्तारण करते हुए प्रमाण-पत्रों के शीघ्र निर्गमन के निर्देश दिए।
बैठक में बच्चों के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विकासखंडों से संबंधित टीकाकरण आंकड़े स्वास्थ्य विभाग को समय पर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे का नियमित एवं समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों का समन्वित प्रयास आवश्यक है।
