प्रतापनगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के बीच रहा कड़ा मुकाबला, एक निर्दलीय ने भी मारी बाज़ी

गढसिनवालगांव में भाजपा की बड़ी जीत, पनियाला में निर्दलीय शैला रमोला ने चौंकाया

 टिहरी।  विकासखंड प्रतापनगर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणामों ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। यहां जिला पंचायत की पांच सीटों पर हुए मुकाबले में भाजपा और कांग्रेस दो-दो सीटों पर विजयी रहीं, जबकि एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने सभी को चौंकाते हुए जीत दर्ज की। चुनावी नतीजे यह दर्शाते हैं कि क्षेत्र में दोनों प्रमुख दलों के बीच कांटे की टक्कर रही, वहीं जनता ने एक बार फिर अपने फैसले से राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ दे दिया है।

प्रतापनगर क्षेत्र की सबसे चर्चित और हॉट मानी जा रही मांजफ जिला पंचायत सीट पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी लक्ष्मी पंवार ने भाजपा को कड़ी टक्कर देते हुए जीत हासिल की। लक्ष्मी पंवार को कुल 2373 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी को 2144 मत मिले। यह जीत कांग्रेस के लिए न केवल रणनीतिक दृष्टिकोण से अहम रही, बल्कि स्थानीय स्तर पर जनसमर्थन की पुष्टि भी मानी जा रही है।

वहीं गढसिनवालगांव सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी रविंद्र डिमरी ने भारी मतों के अंतर से बाजी मारी। उन्हें कुल 3393 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी उदय रावत को 2220 मतों पर संतोष करना पड़ा। रविंद्र डिमरी की यह जीत भाजपा के लिए एक सशक्त आधार प्रदान करती है, जिससे पार्टी को आगामी रणनीति तय करने में बढ़त मिलेगी।

पनियाला सीट पर मुकाबला खासा दिलचस्प रहा, जहां निर्दलीय प्रत्याशी शैला रमोला ने 2282 मतों के साथ सभी को चौंकाते हुए जीत दर्ज की। उनके मुकाबले उपासना रमोला को 1596 वोट ही मिल सके। शैला रमोला की इस अप्रत्याशित जीत ने यह साबित कर दिया कि जनसमर्थन सिर्फ दलों के भरोसे नहीं, प्रत्याशी की छवि और स्थानीय जुड़ाव पर भी निर्भर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *