कर्णप्रयाग में जनसेवा शिविर, 200 से अधिक लोगों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

चमोली। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बुधवार को कर्णप्रयाग ब्लॉक सभागार में उद्योग, लघु एवं सूक्ष्म उद्यम विषयक जनजागरूकता कार्यक्रम एवं बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में उद्योग एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल ने ‘मेरी योजना’ पुस्तिका के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, उद्योग, कृषि, उद्यान और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। इस दौरान 200 से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिया गया तथा प्राप्त शिकायतों और सुझावों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक अंजली रमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *