हरिद्वार में मोरारी बापू की श्रीराम कथा का समापन, मुख्यमंत्री ने सनातन संस्कृति के वैश्विक संदेश पर दिया जोर

 

हरिद्वार।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित पूज्य मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की सनातन संस्कृति का “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश आज पूरे विश्व के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने मोरारी बापू को भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति का प्रभावी संवाहक बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा प्राचीन मंदिरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और दो माह के भीतर ही 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा में डेढ़ लाख से अधिक तथा कैलाश मानसरोवर यात्रा में 55 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बेहतर आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षित यात्रा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *