देहरादून।
देहरादून के वाल्मीकि मंदिर सभागार, डालनवाला में सफाई कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष श्री भगवत प्रसाद मकवाना रहे। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं और उनके स्वास्थ्य, सम्मान तथा सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे जन-जागरूकता शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।
शिविर में लगभग 250 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को दो महालक्ष्मी किट एवं दो गोद भराई किट भी वितरित की गईं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री दीपांकर घिल्डियाल ने विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
बताया गया कि यह इस श्रृंखला का पांचवां शिविर था। अब तक आयोजित पांचों शिविरों में 1,500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। साथ ही निःशुल्क औषधि वितरण, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, महालक्ष्मी किट, किशोरी किट एवं सहायक उपकरणों का वितरण भी किया गया है। इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
