मसूरी शरदोत्सव 2026 का रंगारंग आगाज, पद्मश्री बसंती बिष्ट के जागर और पांडवाज की प्रस्तुति ने बांधा समां

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में मंगलवार को ‘मसूरी शरदोत्सव 2026’ का रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। नगर पालिका परिषद मसूरी की ओर से आयोजित पांच दिवसीय सांस्कृतिक एवं खेल मेले का आयोजन 6 से 10 अक्टूबर तक किया जा रहा है। गांधी चौक पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने ध्वजारोहण कर शरदोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।

उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और देवभूमि की परंपराओं को समर्पित इस उत्सव में स्थानीय नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उद्घाटन दिवस पर रिमझिम बारिश, घने कोहरे और ठंडी हवाओं ने मसूरी के प्राकृतिक सौंदर्य को और आकर्षक बना दिया। सुहावने मौसम के बीच आयोजित कार्यक्रमों ने शरदोत्सव के माहौल को यादगार बना दिया।

पद्मश्री बसंती बिष्ट के जागर से गूंजा टाउन हॉल

शरदोत्सव के पहले दिन नगर पालिका टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत पद्मश्री बसंती बिष्ट के पारंपरिक जागर गायन से हुई। उन्होंने अपनी विशिष्ट गायन शैली के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक एवं देव संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके बाद पांडवाज बैंड की शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में नया रंग भर दिया। बैंड के कलाकारों ने पारंपरिक उत्तराखंडी वाद्ययंत्रों और आधुनिक पाश्चात्य वाद्ययंत्रों का अनूठा संगम प्रस्तुत करते हुए गढ़वाली गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।

शरदोत्सव में खेल प्रतियोगिताओं का भी आगाज

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शरदोत्सव के तहत खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत भी हुई। पहले दिन एमपीजी कॉलेज में मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में स्नूकर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

पांच दिवसीय शरदोत्सव के माध्यम से नगर में सांस्कृतिक गतिविधियों और खेल प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही उत्तराखंड की लोक परंपराओं को व्यापक मंच प्रदान किया जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की रही मौजूदगी

शरदोत्सव के शुभारंभ अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, एसडीएम राहुल आनंद, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, सभासद गौरी थपलियाल, शिवानी भारती, पवन थलवाल, रणवीर कंडारी, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल और कुशाल राणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पर्यटक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मसूरी शरदोत्सव 2026 के जरिए पर्यटन नगरी में सांस्कृतिक विरासत, लोक संगीत और खेल गतिविधियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। उत्सव के आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *