पीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून में तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संभावित प्रतिभाग और जनपद भ्रमण को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित भ्रमण मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने सड़क सौन्दर्यीकरण, डिवाइडर मरम्मत और अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

यूपीसीएल के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अंडरग्राउंड केबलिंग कार्यों के दौरान सड़क किनारे पड़ी केबलों को तुरंत हटाया जाए, ताकि यातायात में कोई बाधा न हो और मार्ग सुरक्षित व व्यवस्थित बना रहे।

 

कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैठने की समुचित व्यवस्था, मोबाइल शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम को कार्यक्रम स्थल और संभावित रूट पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए निर्धारित मार्ग पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों की पूर्व में दी गई अनुमतियां अस्थायी रूप से निरस्त कर दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *