देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय एवं अन्य कार्यस्थलों पर 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुख्यालय उज्ज्वल में आयोजित कार्यक्रम में निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल द्वारा ध्वजारोहण किया गया।अपने संबोधन में डॉ. संदीप सिंघल ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं बल्कि संविधान, समानता, स्वाभिमान और लोकतांत्रिक मूल्यों का उत्सव है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान निर्माताओं के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि आज भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में गौरव के साथ खड़ा है।

डॉ. सिंघल ने अपने संबोधन में यूजेवीएन लिमिटेड की वर्तमान गतिविधियों एवं निगम की भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि निगम का लक्ष्य है कि नवीन तकनीकों, कुशल मानव संसाधन एवं बेहतरीन प्रबंधन के माध्यम से वर्ष 2032 तक विद्युत उत्पादन को दोगुना तथा टर्नओवर को तीन गुना करने के लक्ष्य की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस लक्ष्य में जलविद्युत के साथ-साथ अन्य गैर-पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना भी शामिल है। समारोह के दौरान विनोद गुसांई, विवेक आत्रेय, नीरज तिवारी, महकार सिंह, रेखा डंगवाल, आदित्य राठी, रत्नेश बिष्ट एवं ज्योति कोहली द्वारा देशभक्ति पर आधारित गीत एवं व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। तत्पश्चात प्रबंध निदेशक, निदेशक एवं अधिशासी निदेशकों द्वारा खेलकूद एवं निगम के दैनिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों को पुरस्कृत किया गया।

खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ललित टम्टा, गोपाल सिंह, सुमित राणा, प्रशांत कुमार, आशीष सिंह बिष्ट, आदित्य राठी तथा रक्षित भंडारी को सम्मानित किया गया। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित होने वालों में सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा गार्ड श्रेणी में अशोक पांडे विजेता घोषित किया गया। सर्वश्रेष्ठ उपनल कर्मचारी कंप्यूटर आपरेटर पुरुष वर्ग में संदीप कुमार एवं सुनील सिंह नेगी संयुक्त विजेता तथा महिला वर्ग में ललिता नौटियाल को विजेता घोषित किया गया जबकि उपनल चतुर्थ श्रेणी वर्ग में ज़फर बेग उपविजेता रहे। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी में पुरुष वर्ग में नामदेव शर्मा विजेता तथा महिला वर्ग में सरस्वती देवी विजेता रहीं। इसी श्रेणी में पुरुष वर्ग में वीरेंद्र कुमार को उप-विजेता घोषित किया गया।तकनीकी कर्मचारी श्रेणी में पुरुष वर्ग में विजेता राम निवास तथा उप-विजेता वीरेंद्र कुमार तथा गोविंद प्रसाद रहे, जबकि महिला वर्ग में सीमा को विजेता घोषित किया गया। इसी प्रकार मिनिस्ट्रियल कर्मचारी श्रेणी में पुरुष वर्ग में हेम चंद्र लोहानी विजेता तथा सुदीप चंद्र उनियाल उप-विजेता रहे, जबकि महिला वर्ग में नेहा जैन विजेता घोषित की गईं।
