केदारघाटी में नरसिंह मंदिर से फरसे,त्रिशूल व घंटियां चोरी पिकअप गाड़ी सहित गुप्तकाशी थाने लाए गए आरोपी

रुद्रप्रयाग। केदारघाटी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरम्वाड़ी के पाली तोक स्थित नरसिंह मंदिर में दिनदहाड़े चोरी के आरोप में चार युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवक मंदिरों से फरसे, त्रिशूल, घंटियां सहित अन्य सामान उठा ले जा रहे थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 
ग्रामीणों के अनुसार, पाली तोक में खेतों में काम कर रही महिलाओं ने चार युवकों को संदिग्ध गतिविधियों में देखा। शोर मचाने पर युवक भागने लगे। तत्काल पूर्व ग्राम प्रधान अनूप सिंह को सूचना दी गई। बताया गया कि आरोपियों के पास एक पिकअप वाहन था, जिसका नंबर यूके 17 सीए 6240 है। सूचना पर ग्रामवासियों व पूर्व प्रधान ने पीछा कर दोपहर करीब दो बजे टेमरिया में उन्हें पकड़ लिया।
मौके पर वाहन में तीन युवक मिले, जबकि एक जंगल के रास्ते भाग गया था, जिसे बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवकों के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। उन्होंने स्वयं को लक्सर (हरिद्वार) का निवासी बताते हुए कबाड़ी का माल ले जाने की बात कही। वाहन की तलाशी में अन्य मंदिरों से संबंधित सामान दरांती (करीब 225), छोटी कांस की घंटियां (3), चिमटे (8), एक छोटा त्रिशूल सहित लोहे का सामान मिलने की बात कही गई है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि नरसिंह मंदिर से चोरी किया गया कुछ सामान रास्ते में कहीं छिपा दिया गया है। आरोपियों ने अपने नाम सहनजर, समीर, सलमान और कादिर बताए। घटना की सूचना तुरंत गुप्तकाशी थाने को दी गई, जिसके बाद चारों को वाहन व बरामद सामान सहित थाने लाया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा अन्य चोरी गए सामान के संबंध में ग्रामीणों से अलग से पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद ने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *