Tehri: जनपद टिहरी के नरेंद्रनगर तहसील सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और यात्रा की तैयारी से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जाएं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो। बैठक के दौरान सीओ नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह ने गंगोत्री और नीलकंठ कांवड़ यात्रा मार्गों की स्थिति, पैदल यात्रा के रास्ते, डाक कांवड़ के लिए निर्धारित मार्ग और ट्रैफिक प्लान की विस्तृत जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह ट्रैफिक प्लान आमजन की जानकारी के लिए प्रसारित किया जाए ताकि स्थानीय लोग और यात्री पहले से अवगत रहें।
बैठक में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती के अधिशासी अधिकारी ने पार्किंग की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी, जिसमें पूर्णानंद स्टेडियम, जिला विकास प्राधिकरण और नगरपालिका की पार्किंग शामिल हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्किंग टिकट में पार्किंग स्थान का नाम, पर्ची नंबर और साइनेज स्पष्ट रूप से दर्ज हो। साथ ही, मुनिकीरेती और तपोवन क्षेत्र में शौचालय, बिजली, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और निराश्रित पशुओं को पकड़कर गोसदन में भेजा जाए।
जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी को भंडारों की व्यवस्था पर निगरानी रखने और वहां फायर सेफ्टी, स्वच्छता, फूड सिक्योरिटी, रेट लिस्ट की उपलब्धता और ओवर चार्जिंग जैसी शिकायतों से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इन स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
सिंचाई विभाग को तीनों घाटों पर टूटी हुई जंजीरों की मरम्मत और पेंटिंग का कार्य शीघ्र करने को कहा गया। नगर पालिका को घाटों पर लगे सार्वजनिक श्रव्य संदेशों के माध्यम से सतर्कता से जुड़े संदेशों का प्रसारण लगातार जारी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को बाजार क्षेत्रों में सड़क पर बने गड्ढों को तत्काल भरने के निर्देश दिए गए।
जल संस्थान, विद्युत विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि रामझूला, तपोवन, भद्रकाली और चंद्रभागा में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी और तीन एम्बुलेंस तैनात की गई हैं, जिनमें एक 108 सेवा की होगी। आयुर्वेदिक विभाग के डॉ. सुभाष ने भी विभागीय तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कम से कम समय में एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु ट्रैफिक प्लान को पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर तैयार करने के निर्देश दिए।
