देहरादून |
पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड में 111 वाहन क्षमता वाली ऑटोमेटेड पार्किंग का विधिवत लोकार्पण किया और इसे जनमानस को समर्पित किया। यह अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा लगभग ₹472.23 लाख की लागत से तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और नागरिकों को सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई। जिला प्रशासन ने शहर में चरणबद्ध तरीके से तीन प्रमुख ऑटोमेटेड पार्किंग स्थल विकसित किए हैं:
- परेड ग्राउंड – 111 वाहन क्षमता
- तिब्बती मार्केट – 132 वाहन क्षमता
- कोरोनेशन – 18 वाहन क्षमता

इन सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने “फ्री सखी कैब सेवा” भी शुरू की है। इस सेवा के तहत जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को नई ईवी वाहन (टाटा पंच) उपलब्ध कराई गई हैं। इसके माध्यम से पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले नागरिकों को नजदीकी व्यस्त क्षेत्रों तक निःशुल्क आवागमन की सुविधा दी जा रही है।
साथ ही, शहर में सार्वजनिक परिवहन को और सुदृढ़ बनाने के लिए जल्द ही आधुनिक ईवी मिनी बस शटल सेवा भी प्रारंभ की जाएगी। यह सेवा पार्किंग स्थलों से प्रमुख गंतव्यों तक आवागमन आसान बनाएगी और निजी वाहनों के उपयोग को कम करने में मदद करेगी।
जिला प्रशासन का यह प्रयास न केवल शहर को जाम से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में भी एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।
