नई टिहरी। हिंदू नववर्ष के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा नगर क्षेत्र में भव्य पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वयंसेवकों ने लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए अनुशासित ढंग से पूरे नगर में संचलन किया।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर से हुई। बैंड की धुन पर कदम से कदम मिलाते हुए स्वयंसेवक नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरे और अंत में पुनः विद्यालय परिसर में कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ. सुशील कोटनाला ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि इस वर्ष संघ का शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह दिन संघ के प्रथम सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती और चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के रूप में भी विशेष महत्व रखता है।
उन्होंने ‘पंच परिवर्तन’ को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज में एकता, संस्कार निर्माण और जागरूकता बढ़ाना संघ का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने जाति व्यवस्था को सामाजिक कुरीति बताते हुए समाज को एकजुट करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के उपरांत स्वयंसेवकों ने पथ संचलन करते हुए केंद्रीय विद्यालय, हनुमान चौक और कुलणा मार्केट सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर संघ के विभिन्न पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें सत्य प्रसाद, सतीश, दीपक, रामानुज बहुगुणा, जगतमणि, संजय रावत, अर्जुन रावत, पूर्व मंत्री दिनेश धनाई, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे।
