चमोली। बसंत नवरात्रि के शुभारंभ पर जोशीमठ विकासखंड के पैनखंडा स्थित मां गढ़ी भवानी मंदिर में भक्तिभाव का अद्भुत माहौल देखने को मिला। पहले ही दिन क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पीपलकोटी की धनेश्वरी कीर्तन मंडली की महिलाओं—संगीता देवी, सुनीता देवी, भावना, रूचि और राधा देवी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। मधुर भजनों की धुनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर मां की भक्ति में लीन नजर आए।
मंदिर परिसर को फूलों और झालरों से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही और सभी ने मां भगवती के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
बसंत नवरात्रि के आरंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी मंदिर में विभिन्न धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।
