देहरादून। समाधान दिवस में एक दिव्यांग की फरियाद पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की संवेदनशील पहल ने उसकी जिंदगी बदल दी। वर्षों से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित अपर नत्थनपुर निवासी सुनील चन्द्र को अब दिव्यांगता प्रमाण पत्र, मासिक दिव्यांग पेंशन, बैंक खाता और निःशुल्क व्हीलचेयर की सुविधा मिल गई है।
29 जून को समाधान दिवस में व्हीलचेयर के सहारे पहुंचे सुनील चन्द्र ने जिलाधिकारी को बताया कि आर्थिक तंगी और दिव्यांगता के बावजूद आज तक उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बन सका, जिसके कारण उन्हें किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिकारियों को तत्काल मेडिकल जांच कराकर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने और आय प्रमाण पत्र बनवाकर पेंशन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद सुनील चन्द्र का मेडिकल परीक्षण हुआ और उन्हें 45 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने अगस्त माह से उनकी दिव्यांग पेंशन भी स्वीकृत कर दी।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि सुनील का कोई बैंक खाता नहीं है। इस पर जिला प्रशासन ने इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक से समन्वय किया। बैंक कर्मी स्वयं उनके घर पहुंचे और वहीं उनका बैंक खाता खोला, ताकि पेंशन की राशि सीधे उनके खाते में पहुंच सके।
इसके अलावा समाज कल्याण विभाग ने सुनील चन्द्र को निःशुल्क व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराई। प्रशासन की इस पहल से भावुक सुनील चन्द्र ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और पूरी प्रशासनिक टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें महसूस हो रहा है कि सरकारी योजनाएं वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रही हैं।
