नई टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घनसाली के हुलानाखाल पहुंचे, जहां उन्होंने घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह के पुत्र आशीष भूषण के विवाह समारोह में सम्मिलित होकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने आशीष भूषण और उनकी पत्नी मीनाक्षी को जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
इस पारिवारिक समारोह में पारंपरिक रंग भी खूब दिखाई दिए। विधायक शक्ति लाल शाह ने पहाड़ी संस्कृति की झलक पेश करते हुए मेहमानों का स्वागत विशेष रूप से पहाड़ी टोपी पहनाकर किया और उन्हें पारंपरिक कलेऊ के रूप में अरशे भेंट किए। स्थानीय संस्कृति और आतिथ्य से सजे इस समारोह ने उपस्थित अतिथियों को भावनात्मक रूप से भी जोड़ दिया।
विवाह समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, वन मंत्री सुबोध उनियाल, स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार, पूर्व टिहरी विधायक धन सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिला पंचायत प्रशासक सोना सजवाण, जाखणीधार ब्लॉक की प्रशासक सुनीता देवी, भिलंगना ब्लॉक की प्रशासक बसुमति घणाता, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल, विनोद रतूड़ी, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, एससी आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, स्वराज विद्वान और पूर्व प्रमुख बेबी असवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
विवाह समारोह सिर्फ एक पारिवारिक उत्सव नहीं रहा, बल्कि यह राजनीतिक सौहार्द और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक भी बन गया। मुख्यमंत्री धामी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया, जबकि स्थानीय प्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं की सहभागिता ने इसे एक स्मरणीय अवसर बना दिया। इस आयोजन में पारंपरिकता, आधुनिकता और जनभावनाओं का अद्भुत समागम देखने को मिला।
मुख्यमंत्री धामी पहुंचे घनसाली, आशीर्वाद देकर नवदम्पति को दी शुभकामनाएं
