केदारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सागर, महज चार दिनों में 1.24 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

रुद्रप्रयाग।
पवित्र केदारनाथ धाम में इन दिनों आस्था अपने चरम पर है। 22 अप्रैल 2026 को कपाट खुलने के साथ ही शुरू हुई यात्रा ने रिकॉर्ड गति पकड़ ली है। मात्र चार दिनों के भीतर ही 1,24,782 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर लिए हैं। यह अभूतपूर्व संख्या जहां श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा को दर्शाती है, वहीं जिला प्रशासन की सुदृढ़ और सुनियोजित व्यवस्थाओं की भी पुष्टि करती है।
जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड से लेकर पैदल ट्रैक मार्ग और संभावित ट्रैफिक प्रभावित क्षेत्रों तक हर जगह प्रशासनिक एवं पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है। इसके साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रा की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित निर्णय और नियंत्रण सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा बीते चार दिनों से पूरी तरह व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
इस पावन अवसर पर भैरवनाथ मंदिर के कपाट भी विधिवत खुल गए हैं, जिसके साथ ही केदारनाथ धाम में सायंकालीन आरती का शुभारंभ हो गया है। इससे श्रद्धालुओं को अब और अधिक दिव्य एवं आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो रहा है।
केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुगमता से दर्शन का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कुछ अराजक तत्वों द्वारा धाम को बदनाम करने के प्रयासों को निंदनीय बताया।
वहीं वरिष्ठ सदस्य उमेश चंद्र पोस्ती ने स्पष्ट किया कि बीकेटीसी एवं जिला प्रशासन के कुशल नेतृत्व में अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों से सावधान रहने की अपील करते हुए श्रद्धालुओं से निश्चिंत होकर यात्रा पर आने का आग्रह किया।
केदार सभा के सदस्य संजय तिवारी ने भी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए बताया कि शासन, प्रशासन, मंदिर समिति एवं स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से ठहरने, भोजन और दर्शन की उत्कृष्ट व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाया जा रहा है।
जिला प्रशासन, बदरी-केदार मंदिर समिति और केदार सभा के समन्वित प्रयासों से केदारनाथ यात्रा 2026 न केवल सुरक्षित और सुव्यवस्थित बन रही है, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए एक सहज, दिव्य और अविस्मरणीय अनुभव भी सिद्ध हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *