डाकपत्थर। डाकपत्थर स्थित महर्षि अरविंद घोष इंटर कॉलेज का इस वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा। विद्यालय का इंटरमीडिएट और हाईस्कूल दोनों का रिजल्ट लगभग शत-प्रतिशत रहा, जिससे स्कूल का नाम रोशन हुआ।
वर्ष 2026 की परिषदीय परीक्षाओं में इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 97 प्रतिशत रहा। इसमें 60 छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी और 34 ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। आशिष चौहान ने 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 98 प्रतिशत रहा। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 15 छात्र-छात्राओं ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 39 ने प्रथम श्रेणी और 34 ने द्वितीय श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की। आयुष थापा ने 86.4 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में टॉप किया।
विद्यालय के प्रबंधक एम.एस. राठौर, प्रबंध समिति और प्रधानाचार्य अरुण डबराल ने सभी छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे और विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताई।
