केदारनाथ धाम में डीएम का औचक निरीक्षण, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री पर सख्त कार्रवाई,

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-हितैषी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उनके इस अचानक निरीक्षण से संबंधित विभागों और व्यवसायियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भोजनालयों, दुकानों और अस्थायी प्रतिष्ठानों की सघन जांच की। इस दौरान कुछ स्थानों पर खाद्य सामग्री की एक्सपायरी तिथि में हेरफेर कर उसे बिक्री के लिए रखा जाना पाया गया, जिसे गंभीर अनियमितता मानते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सभी दुकानदारों और भोजनालय संचालकों को गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, शौचालय व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी बारीकी से मूल्यांकन किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि धाम में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे उनकी यात्रा सहज और सुखद अनुभव बन सके।
जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए दिन-रात कार्य किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर श्रद्धालु यहां से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटे और उसकी आस्था एवं विश्वास और अधिक मजबूत हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *