देहरादून (रायपुर)। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत विकासखंड रायपुर की दूरस्थ न्याय पंचायत सरोना में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर जन समस्याएं सुनीं। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत 451 लोगों को लाभान्वित किया गया।
कृषि विभाग ने ज्वालपा माता स्वयं सहायता समूह को फार्म मशीनरी बैंक हेतु 4 लाख रुपये का अनुदान चेक दिया, जबकि दो किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर पावर वीडर वितरित किए गए। बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट और किशोरी किट वितरित कीं। 17 आधार अपडेट और एक दिव्यांग प्रमाण पत्र मौके पर जारी किया गया।

ग्रामीणों की 41 शिकायतों में से 20 का निस्तारण शिविर में ही किया गया। इंटर कॉलेज की मांग, नेटवर्क समस्या, पेयजल संकट और सड़कों की गुणवत्ता जैसे मुद्दे प्रमुख रहे, जिन पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभागों द्वारा 226 लोगों की जांच कर दवाइयां वितरित की गईं। विभिन्न विभागों ने पेंशन, कृषि यंत्र, राशन कार्ड केवाईसी सहित अन्य योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया। मंत्री ने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
