देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीबी व नॉन-एडीबी पोषित परियोजनाओं, मुख्यमंत्री घोषणाओं, आरईसी/पीएफसी योजनाओं और वर्ष 2025-26 की प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने विद्युत वितरण लॉस कम करने, बिजली चोरी पर सख्त कार्रवाई और ग्रीष्मकालीन सीजन से पूर्व सभी तैयारियां मार्च तक पूरी कर अप्रैल में परियोजनाएं शुरू करने के निर्देश दिए। एडीबी द्वितीय चरण के अंतर्गत बहादराबाद, कोटद्वार, भिकियासैंण, कपकोट व नंदप्रयाग में भूमि आवंटन प्रक्रिया एक सप्ताह में पूर्ण करने को कहा गया।

पिटकुल के एमडी पी.सी. ध्यानी ने बताया कि आरईसी ने पिटकुल की क्रेडिट रेटिंग A+ से बढ़ाकर A++ कर दी है, जिससे ऋण पर 0.5% अतिरिक्त छूट मिलेगी। वित्तीय वर्ष 2024-25 में पिटकुल ने रिकॉर्ड ₹1243 करोड़ का लाभांश राज्य सरकार को दिया है।
बैठक में मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
