बाल दिवस पर टिहरी में मदर फीडिंग रूम और खेल पार्क का शुभारंभ

नई टिहरी। बाल दिवस के अवसर पर जिले में बच्चों और माताओं के हित में दो महत्वपूर्ण सुविधाओं का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने जिला चिकित्सालय बौराड़ी, नई टिहरी में मदर फीडिंग रूम का उद्घाटन किया, जबकि रा.प्रा.वि. सेमलतप्पड़, कैमसारी बौराड़ी में एक नये खेल पार्क का लोकार्पण किया। दोनों कार्यक्रमों का उद्देश्य मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना और बच्चों को सुरक्षित तथा स्वच्छ मनोरंजन स्थल उपलब्ध कराना रहा।

मदर फीडिंग रूम के उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मां का दूध बच्चे के संपूर्ण विकास के लिए अमूल्य और अत्यंत लाभकारी होता है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने माताओं को सम्मानजनक, सुरक्षित और शांत वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए यह नई पहल की है, ताकि अस्पताल आने वाली महिलाएं बिना किसी झिझक और व्यवधान के अपने शिशुओं को स्तनपान करा सकें। उन्होंने कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है, और यह फीडिंग रूम इसी दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।

जिला विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित इस मदर फीडिंग रूम में माताओं को उपयोगी जानकारी देने के लिए बच्चों के आधार, पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुधार से संबंधित अनेक पोस्टर लगाए गए हैं। साथ ही एक छोटा किड्स ज़ोन भी बनाया गया है, जहां बच्चे खेल सकें। उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने डायपर चेंजिंग सुविधा, सीसीटीवी कैमरा, स्पीकर स्टैंड और अन्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सुविधाएं अस्पतालों को अधिक व्यवस्थित और मातृ-शिशु अनुकूल बनाती हैं।

इसके बाद जिलाधिकारी ने रा.प्रा.वि. सेमलतप्पड़, कैमसारी बौराड़ी में बने खेल पार्क का उद्घाटन कर बच्चों को खेल सामग्री और चॉकलेट वितरित कीं तथा बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं। जिलाधिकारी ने बताया कि साप्ताहिक नगर स्वच्छता अभियान के दौरान पार्क के एक हिस्से पर अतिक्रमण पाया गया था। इस पर उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण को त्वरित कार्यवाही करते हुए पार्क को पुनः व्यवस्थित करने के निर्देश दिए थे। प्राधिकरण द्वारा पार्क को समतल कर सुरक्षा जाली लगाई गई, घास बिछाई गई और बच्चों के लिए डबल स्विंग, सी-शॉ स्विंग, स्प्रिंग राइडर, मेरी-गो-राउंड और स्ट्रेट स्लाइड जैसे आकर्षक झूले स्थापित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *