नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन: 27 राज्यों के 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाई दमखम, विजेताओं को किया गया सम्मानित

 

 

चमोली। सीमांत जनपद चमोली की सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में 31 मई से 2 जून तक आयोजित हो रहे नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के अंतर्गत विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को सम्मानित करते हुए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

 

कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत आयोजित यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि सीमांत गांवों को “देश का पहला गांव” मानकर उनके समग्र विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है और नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन इसी सोच का जीवंत उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ-साथ रिवर्स माइग्रेशन को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नीति क्षेत्र में होम-स्टे की संख्या 35 से बढ़कर 450 से अधिक हो चुकी है, जो क्षेत्र में बढ़ती पर्यटन संभावनाओं को दर्शाती है।

 

उन्होंने कहा कि लगभग 11 हजार फीट की ऊंचाई पर आयोजित यह अल्ट्रा रन युवाओं के साहस, ऊर्जा और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर उभरा है। यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों के स्वाभिमान, स्वावलंबन और नए विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी आयोजकों, भारतीय सेना, आईटीबीपी तथा स्थानीय जनता को बधाई दी।

 

पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 27 राज्यों से 1200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

 

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के तहत 5, 10, 21, 42 एवं 75 किलोमीटर की विभिन्न दौड़ स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 1100 से अधिक धावकों ने भाग लिया। श्रेणीवार भागीदारी में 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 160, 42 किलोमीटर मैराथन में 155, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में 215, 10 किलोमीटर शॉर्ट रन में 210 तथा 5 किलोमीटर फन रन में 260 प्रतिभागी शामिल हुए।

मलारी गांव में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल सहित अन्य अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित किया।

 

आयोजन के अंतिम दिन 2 जून को गमसाली से मलारी के मध्य 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की संभावना है।

 

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भारतीय सेना, आईटीबीपी, चिकित्सा विभाग, पर्यटन विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *