रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाए रखने के लिए गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सोमवार को रुद्रप्रयाग पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं एवं आगामी मानसून सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
केदारनाथ यात्रा में 10 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार, आयुक्त ने परखी व्यवस्थाएं
बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रा शुरू होने के बाद अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा अवधि के दौरान एक लाख से अधिक यात्रियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है और स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, परिवहन, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा मार्ग पर गैस सिलेंडर और ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। सभी स्वास्थ्य केंद्र और अस्पताल पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं। वहीं म्यूल टास्क फोर्स भी लगातार सक्रिय है। अब तक 8 हजार से अधिक घोड़ा-खच्चरों का पंजीकरण एवं बीमा किया जा चुका है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि
आयुक्त आनंद स्वरूप ने यात्रा मार्ग पर स्वच्छता, शौचालय, पेयजल, सोलर एवं स्ट्रीट लाइट और शटल सेवा की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें। साथ ही स्थानीय लोगों की सहभागिता बढ़ाकर यात्रा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
