सफाई कर्मचारियों की मांगों पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की बैठक, जूस पिलाकर तुड़वाया अनशन

 

देहरादून। 

प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को विधानसभा स्थित सभागार में देवभूमि उत्तराखंड सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों के साथ सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों की विभिन्न मांगों पर बैठक की। बैठक के बाद मंत्री ने अनशन पर बैठे कर्मचारियों से वार्ता कर उनकी हड़ताल जूस पिलाकर समाप्त कराई।

 

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है तथा उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सफाई मजदूर संघ से जुड़े परिवारों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों में स्वच्छता के साथ हरियाली बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को भी सरकार सक्रिय रूप से प्रोत्साहित कर रही है।

 

मंत्री ने कहा कि संघ की कुछ मांगों पर कार्रवाई हो चुकी है, जबकि शेष मांगों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम सहित प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, वर्षाकाल में सड़क मार्ग सुचारु रखने और पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने के लिए सरकार त्वरित कदम उठा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *