अगलाड़ घाटी खेल एवं सांस्कृतिक समारोह में पहुंचे मंत्री गणेश जोशी

 

टिहरी।   कैम्पटी क्षेत्र में आयोजित 32वें अगलाड़ घाटी खेल एवं सांस्कृतिक विकास समारोह में रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ करते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। कैम्पटी पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने परंपरागत ढंग से मंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और उनके सम्मान में लोकनृत्यों व ढोल-दमाऊं की गूँज से वातावरण को उल्लासमय बना दिया।

मंत्री गणेश जोशी ने समारोह में उपस्थित खिलाड़ियों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए लगातार योजनाएँ लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ाने का सशक्त जरिया हैं। उन्होंने ग्रामीण अंचलों में हो रहे ऐसे आयोजनों को उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में महत्वपूर्ण बताया।

समारोह के दौरान ग्रामीणों की मांगों को संज्ञान में लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने तीन महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। पहली, ग्राम पंचायत सिया कैम्पटी में पिछले दो दशकों से किराए के भवन में संचालित राजकीय न्याय पंचायत स्तरीय कृषि निवेश केंद्र के लिए नए भवन के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। दूसरी, ग्राम नौथा में निर्माणाधीन श्रीदेव सुमन एग्रीक्लस्टर सेंटर को पुनः प्रारंभ करने की मंजूरी दी, जिससे क्षेत्र के किसानों और युवाओं को फिर से लाभ मिलेगा। तीसरी घोषणा के रूप में ग्राम पंचायत नवाड़ीधार के अंतर्गत ग्राम बीरागांव में सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई, जो ग्रामीणों के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा होगी।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि किसी भी समाज का वास्तविक परिचय उसकी सांस्कृतिक विरासत से मिलता है। उन्होंने समिति द्वारा वर्षों से संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रेमियों के लिए योजनाओं का विस्तार कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। मंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए समिति और सभी क्षेत्रवासियों को बधाई दी तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर उनकी गतिविधियों की जानकारी भी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *