रुद्रप्रयाग। सूचना विभाग में तीन दशक से अधिक समय तक विभिन्न जनपदों में अपनी सेवाएं देने वाले वरिष्ठ अधिकारी कृपाल लाल टम्टा को पदोन्नत कर रुद्रप्रयाग का जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) बनाया गया है। उनकी पदोन्नति को विभाग में उनकी लंबी, समर्पित और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान माना जा रहा है। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पत्रकारों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
कृपाल लाल टम्टा ने 10 अप्रैल 2025 को रुद्रप्रयाग में अपर जिला सूचना अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। अल्प समय में ही उन्होंने अपनी प्रशासनिक क्षमता, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और सहज व्यवहार से विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा मीडिया जगत के बीच एक अलग पहचान बनाई। इससे पूर्व वे रुद्रप्रयाग में प्रभारी जिला सूचना अधिकारी का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं।

कृपाल लाल टम्टा का विभागीय अनुभव अत्यंत व्यापक रहा है। उन्होंने अपने सेवा जीवन की शुरुआत 4 मार्च 1994 को टिहरी गढ़वाल से की। इसके बाद चमोली, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और पिथौरागढ़ सहित प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जनपदों में अपनी सेवाएं दीं। विभिन्न जिलों में निभाई गई जिम्मेदारियों ने उन्हें विभाग के अनुभवी और दक्ष अधिकारियों की श्रेणी में स्थापित किया है।
अपने नियमित दायित्वों के अलावा उन्होंने पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, नई टिहरी तथा चमोली में प्रभारी जिला सूचना अधिकारी के रूप में भी उल्लेखनीय कार्य किया। उनके नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और विभागीय कार्यों की गहन समझ की विभागीय स्तर पर हमेशा सराहना होती रही है।
सहकर्मियों के अनुसार कृपाल लाल टम्टा अपनी सादगी, सौम्य व्यक्तित्व, सहयोगात्मक कार्यशैली और सकारात्मक सोच के लिए जाने जाते हैं। उनकी पदोन्नति से विभाग में खुशी का माहौल है और इसे कर्मठता, ईमानदारी तथा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में रुद्रप्रयाग जिला सूचना कार्यालय नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
