UPES के छात्रों ने सफाई कर्मियों का किया सम्मान, ‘सृजन सोशल इंटर्नशिप’ के तहत आयोजित हुआ प्रेरक समारोह

देहरादून।  क्लासरूम से निकलकर समाज से जुड़ने की प्रेरक पहल करते हुए UPES University के छात्रों ने Integral Livelihoods and Social Entrepreneurship Foundation (ILSEF) के ‘सृजन सोशल इंटर्नशिप प्रोग्राम’ के तहत नगर निगम के सफाई कर्मियों के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य उन स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सम्मान देना था, जो प्रतिदिन शहर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन अक्सर उनकी सेवाएं अनदेखी रह जाती हैं।

IATR, देहरादून के सभागार में आयोजित समारोह में छात्र समिति के सदस्य कुशाग्र, आदित्य, अदिति, आरुषि, प्रसिद्धि, नमन और सत्यव्रत ने जमीनी स्तर पर सफाई कर्मियों से संवाद कर उनके कार्य और संघर्ष को समझा। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को ‘स्वच्छता मित्र सम्मान’ के लिए मंच पर आमंत्रित किया गया।

समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए नगर निगम के सफाई कर्मियों आशू, आशीष, संयम, अजय, रेनू, सुमन और आरती को ILSEF, IATR और New Creation International के सहयोग से आयोजित समारोह में पारंपरिक शॉल, स्मृति चिह्न और स्वच्छता किट भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि Care UK सामाजिक संस्था के अध्यक्ष मनमोहन बिष्ट ने कहा कि स्वच्छता केवल नगरपालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास सफाई में छोटा-सा योगदान दे, तो ‘स्वच्छ भारत’ का लक्ष्य और तेजी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सफाई कर्मियों को शहर की रीढ़ बताते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता IATR के सीईओ अमित उपाध्याय ने की। उन्होंने छात्र-नेतृत्व वाली सामाजिक पहलों की सराहना करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसका उद्देश्य समाज की सेवा और सकारात्मक बदलाव हो।

यह समारोह IATR की फैकल्टी सदस्य रिया और वैशाली थापा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

‘सृजन सोशल इंटर्नशिप प्रोजेक्ट’ के तहत आयोजित यह सम्मान समारोह इस बात का उदाहरण बना कि युवा केवल विचारों से नहीं, बल्कि सम्मान और संवेदनशीलता के माध्यम से भी समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *