सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; मानसून से प्रभावित मार्गों पर विशेष सतर्कता
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के द्वितीय चरण को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने शनिवार को रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग और गौरीकुंड तक पूरे यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और शटल व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने सीतापुर, सोनप्रयाग सहित विभिन्न पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर वाहनों के संचालन, पार्किंग क्षमता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और श्रद्धालुओं को जाम अथवा अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
मानसून के दौरान बारिश से प्रभावित यात्रा मार्ग के संवेदनशील हिस्सों का भी निरीक्षण किया गया। एसपी ने मलबा और पत्थर आने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने तथा अवरुद्ध मार्गों को जल्द खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
एसपी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर क्षतिग्रस्त सड़कों एवं प्रभावित हिस्सों पर मरम्मत और सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।
इस दौरान एसपी ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केदारनाथ यात्रा के द्वितीय चरण को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित संचालित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग, यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान यातायात निरीक्षक कैलाश शर्मा, सोनप्रयाग थाना प्रभारी सुरेश बलूनी, गुप्तकाशी थाना प्रभारी राकेश कुमार समेत संबंधित थाना-चौकियों का पुलिस बल मौजूद रहा।
