उत्तराखंड में फिर शुरू होगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान, 4 जुलाई से लगेंगे जन समाधान शिविर

 

देहरादून।  प्रदेश में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार एक बार फिर **‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’** अभियान शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई से 15 दिनों तक विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। शासन की प्राथमिकता है कि अधिकारी स्वयं जनता के बीच पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण करें और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं।

 

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यह अभियान उनके कार्यकाल के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जा रहे **‘सेवा पखवाड़ा’** (4 जुलाई से 15 दिनों) के तहत संचालित होगा। शिविरों में जन शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।

 

पिछले अभियान में 5.33 लाख लोगों ने लिया था हिस्सा

 

प्रदेश सरकार द्वारा गत वर्ष दिसंबर में 45 दिनों तक चलाए गए **‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’** अभियान के दौरान प्रदेशभर में **681 शिविरों** का आयोजन किया गया था। इनमें **5,33,452 नागरिकों** ने प्रत्यक्ष रूप से भागीदारी की थी, जबकि करीब **33 हजार जन शिकायतों** का त्वरित समाधान किया गया था। इस पहल को सुशासन और जनसेवा की प्रभावी पहल के रूप में भी सराहा गया था।

 

सरकार का कहना है कि दूसरे चरण के इस अभियान में सभी जिलों के संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को बिना अनावश्यक भागदौड़ के सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *