उत्तराखंड की रजत जयंती पर ऐतिहासिक होगा हरेला पर्व, देहरादून में एक माह चलेगा विशेष पौधरोपण अभियान

 

 

देहरादून। उत्तराखंड की रजत जयंती (25वें स्थापना वर्ष) के उपलक्ष्य में इस वर्ष 16 जुलाई से शुरू होने वाला **हरेला पर्व** विशेष रूप से मनाया जाएगा। देहरादून जनपद में एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत थीम आधारित पौधरोपण कर ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ जनभागीदारी से हरित उत्तराखंड का संकल्प लिया जाएगा।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हरेला महाअभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष का अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन बनाया जाएगा।

 

माइक्रो प्लानिंग के साथ चलेगा अभियान

 

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पौधरोपण स्थलों का चयन शीघ्र पूरा करने और प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। माइक्रो लेवल प्लानिंग के तहत अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि अभियान में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिला समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), सर्वे ऑफ इंडिया, ओएनजीसी और आईटीबीपी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले वन विकसित किए जा सकें।

अभियान की निगरानी करेगा ‘हरित कंट्रोल रूम’

 

पौधरोपण अभियान की नियमित निगरानी और समन्वय के लिए विशेष **’हरित कंट्रोल रूम’** स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से पूरे माह अभियान की प्रगति पर नजर रखी जाएगी।

 

15.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

 

प्रभागीय वनाधिकारी ने बैठक में बताया कि इस वर्ष देहरादून जिले में **15.50 लाख पौधे** लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें लगभग **50 प्रतिशत पौधे फलदार और चारा प्रजाति** के होंगे। पौधों के संरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी तथा अगले **पांच वर्षों** तक उनकी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

 

 10 जुलाई तक पूरी होंगी तैयारियां

 

सभी संबंधित विभागों को 10 जुलाई तक गड्ढों की खुदाई, जैविक खाद, ट्री-गार्ड और पौधों के परिवहन सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग के मसूरी, कालसी, चकराता और देहरादून वन प्रभागों के माध्यम से विभिन्न विभागों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार शर्मा, वैभव सिंह, मयंक कुमार, एसडीओ अभिषेक मैठाणी सहित कृषि, उद्यान, उद्योग, शिक्षा, खेल, पेयजल एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *