रुद्रप्रयाग। बसुकेदार तहसील के अंतर्गत छेनागाड क्षेत्र में आई भीषण आपदा के सात महीने बाद आखिरकार यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। हरिद्वार से बसुकेदार-छेनागाड मोटर मार्ग पर हिमगिरि बस सेवा पुनः शुरू हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
गत 28 अगस्त 2025 को छेनागाड क्षेत्र में आई विनाशकारी आपदा के बाद से इस मार्ग पर बस सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई थीं। हरिद्वार से संचालित हिमगिरि और देहरादून से चलने वाली विश्वनाथ बस सेवा बंद होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
पुनः शुरू हुई बस सेवा के तहत हिमगिरि बस सुबह 5 बजे हरिद्वार से रवाना होकर दोपहर 2 बजे अगस्त्यमुनि पहुंची और शाम करीब 5 बजे छेनागाड से लगभग एक किलोमीटर पहले पाट्यूं बाजार तक पहुंची। इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।
स्थानीय समस्याओं को लेकर बीते महीने तालजामण के प्रधान दीनानाथ, जोला बड़ेथ की प्रधान दीपा देवी और पूर्व प्रधान शिवानंद नौटियाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने भूख हड़ताल की थी। आंदोलन के दौरान विधायक आशा नौटियाल मौके पर पहुंचीं और समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ था। अब बस सेवा की बहाली को उसी संघर्ष का परिणाम माना जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह नेगी सहित स्थानीय लोगों ने बस सेवा शुरू होने पर खुशी जताई है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि इस बस सेवा को छेनागाड से आगे तालजामण तक संचालित किया जाए। इसके अलावा देहरादून से संचालित विश्वनाथ बस सेवा को भी पूर्व की भांति जल्द बहाल करने की मांग उठाई गई है।
