ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की पहल पर परिसर में स्थापित हुई ‘उत्तराखंड के गांधी’ की प्रतिमा, रसिक महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया अनावरण
डोईवाला। उत्तराखंड के इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है। विकासखंड डोईवाला परिसर में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता और ‘उत्तराखंड के गांधी’ के नाम से विख्यात स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की भव्य प्रतिमा का पूरे सम्मान के साथ अनावरण किया गया।
बताया गया कि उत्तराखंड के सभी विकासखंडों में डोईवाला पहला ब्लॉक है, जहां स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा स्थापित की गई है। इस पहल को क्षेत्रवासियों ने उत्तराखंड की संस्कृति और राज्य आंदोलन के नायकों के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बीडीसी की पहली बैठक में पास हुआ था प्रस्ताव
स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की अध्यक्षता में पूर्व में आयोजित बीडीसी की प्रथम बैठक में पारित किया गया था। प्रस्ताव पारित होने के बाद अब इसे धरातल पर साकार किया गया।
प्रतिमा का अनावरण रायवाला स्थित नृसिंह पीठाधीश्वर के रसिक महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया। कार्यक्रम की पूरी व्यवस्था ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की पहल और देखरेख में की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ रसिक महाराज और ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ किया।

‘इंद्रमणि बडोनी का जीवन उत्तराखंड के लिए समर्पित’
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि स्व. इंद्रमणि बडोनी का संपूर्ण जीवन उत्तराखंड के विकास, संस्कृति और समाजसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उत्तराखंड के प्रति समर्पण और सेवा की प्रेरणा देती रहेगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि इंद्रमणि बडोनी सभी के प्रेरणास्रोत हैं और वह सच्चे अर्थों में उत्तराखंड के गांधी थे। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह को इस ऐतिहासिक कार्य के लिए बधाई दी।
वहीं, ज्येष्ठ प्रमुख धनवीर सिंह ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की यह पहल काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा डोईवाला ब्लॉक की शोभा बढ़ाने के साथ ही क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी।
सैकड़ों क्षेत्रवासी रहे मौजूद
इस गरिमामय कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, कनिष्ठ प्रमुख बीना देवी, कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल, करतार सिंह नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ताजेंद्र सिंह, डबल सिंह भंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य इंद्रजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह खालसा, रंजीत सिंह, उम्मेद बोरा, कुलदीप शाही, जितेंद्र सिंह, राकेश मियां सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
