टिहरी : राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत मगलवार को राईका थत्यूड़ के विद्यालय परिसर एवं आस-पास के क्षेत्रों में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति सजग बनाना था।
यह रैली विशेष रूप से विद्यालय के आस-पास कूड़ा-कचरा न फेंकने एवं परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के संदेश को लेकर निकाली गई। प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम की अगुवाई विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश देवराड़ी ने की। उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा,स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, यह हमारी दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए। विद्यालय का स्वच्छ वातावरण न केवल विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाता है, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होता है।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने दुकानों स्थानीय लोगों को बताया कि विद्यालय के निकट कूड़ा फैलाना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और इससे शिक्षा का माहौल भी प्रभावित होता है।
